राम मंदिर परिसर के नए नियम जारी, अब ये सामान साथ नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु

अयोध्या में स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में प्रवेश को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ चीजों पर सख्त पाबंदी रहेगी.

ट्रस्ट की ओर से यह भी कहा गया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो.

परिसर में मोबाइल और हथियार पूरी तरह प्रतिबंधित
चंपत राय ने कहा, श्री राम जन्मभूमि परिसर में मोबाइल फोन लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति अपने साथ सुरक्षा कर्मियों के साथ आता है, तो उन सुरक्षा कर्मियों को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.”

उन्होंने बताया, लाइसेंसी रिवॉल्वर, तलवार या बंदूक जैसे किसी भी प्रकार के हथियार परिसर के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. हालांकि, हमारे सिख भाइयों के अधिकारों के अनुसार, केवल छोटी किरपान, जिसे कानूनी रूप से धारण किया जाता है, गले में पहनकर लाने की अनुमति होगी. यह छूट केवल सिख समुदाय के लोगों के लिए होगी.”

नवरात्रि के व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था
ट्रस्ट ने बताया कि 19 मार्च को चैत्र नवरात्रि का पहला दिन है. इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं और दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचते हैं. ऐसे श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में व्रत से जुड़ी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.

चंपत राय ने कहा, 19 मार्च को चैत्र नवरात्रि का पहला दिन है, जिस दिन कई श्रद्धालु व्रत रख सकते हैं. ऐसे श्रद्धालुओं के लिए परिसर में व्रत से संबंधित खाद्य सामग्री जैसे फल, मखाना, मूंगफली और आलू के चिप्स उपलब्ध कराए जाएंगे, जो व्रत के नियमों के अनुसार होंगे.”

पानी और शौचालय की भी होगी व्यवस्था
चंपत राय ने बताया, “पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाएगी और शौचालय की सुविधा सभा स्थल के पास उपलब्ध होगी. प्रवेश के लिए कौन-कौन से द्वार निर्धारित किए जाएंगे, इसकी विस्तृत जानकारी अगले एक-दो दिनों में साझा की जाएगी.